MP: चुरहट में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने में छूट रहा पसीना तहसीलदार पर लग रहे लापरवाही के आरोप भाजपा मंडल अध्यक्ष ने लिखा था एसडीएम को पत्र
सीधी। जिले के चुरहट नगर परिषद अंतर्गत सडक़ के किनारे किए गए अतिक्रमण की स्थल जांच पटवारी द्वारा लोगों के समक्ष 18 मार्च 2026 को की गई। जांच के दौरान पाया गया कि ग्राम चुरहट की आराजी नंबर 1074 रकवा 0.709 हे. मप्र शासन सड़क अभिलेख में दर्ज है। सड़क के पूर्वी सीमा में स्थित नाला के ऊपर दो पक्की दुकानों का निर्माण कराया गया है। दुकानों की माप में 7.20 गुणे 3 मीटर पक्की दो दुकानों का निर्माण पाया गया। उपस्थित लोगों ने बताया कि दुकानों का निर्माण अभिमन्यु सिंह, शिवप्रताप सिंह द्वारा कराया गया है। मौके पर सडक़ के पूर्वी सीमा पर शिवम सिंह, रियाज खान, मुकेश सेन, राजकुमार साहू की अस्थाई गोमती मिली। सडक़ के पश्चिमी सीमा में रामबहोर पाण्डेय, अनित पटेल, रामप्रसाद मिश्रा, चूड़ामणि पटेल, अनिल पटेल, बाबू खान की अस्थाई गोमती मिली। इसके अलावा सडक़ के उत्तरी सीमा पर रामबहोर पाण्डेय, प्रेमकांत पाण्डेय, दीपक सेन, रामायण कचेर, अशोक गुप्ता की अस्थाई गोमती मिली। उक्त पंचनामा कार्रवाई के पश्चात अग्रिम कार्रवाई के लिए तहसीलदार चुरहट के यहां प्रतिवेदन भेजा जाएगा। बता दें कि नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत फैले विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमण हटाने के लिए नगर परिषद चुरहट द्वारा भी कई बार तहसीलदार को पत्र लिखा गया लेकिन उनके पत्र का भी कोई असर नहीं दिखा।

एक माह से जमा है प्रतिवेदन
लगातार जन विरोध के चलते चुरहट नगर परिषद में शासकीय भूमि पर फैले विभिन्न स्थानों में अतिक्रमण की जांच कराई गई, लेकिन उक्त जांच का असर आज तक नहीं दिखाई दिया। बता दें कि शासकीय भूमि पर फैले अतिक्रमण को हटाने में तहसीलदार की रुचि नहीं दिखने की बात पहले भी सामने आ चुकी है, मजे की बात यह है कि 18 मार्च को जॉच प्रतिवेदन सौंपा गया है लेकिन अभी तक तहसीलदार चुरहट द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गई है। यही वजह है कि अतिक्रमण कारियों के हौंसले बुलंद होते जा रहे हैं।

नहीं काम आया मंडल अध्यक्ष का पत्र
शासकीय जमीनों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए चुरहट मण्डल अध्यक्ष प्रमोद सिंह ओपी द्वारा दिनांक 23 मार्च को एसडीएम चुरहट को शिकायती पत्र दिए थे,
जिस पर एसडीएम चुरहट विकास कुमार आंनद द्वारा तहसीलदार व सीएमओ नगर पालिका को इस संबंध में कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया था। जिसका पालन आज तक तहसीलदार व सीएमओ नगर पालिका द्वारा नहीं किया गया। अध्यक्ष श्री ओपी ने पत्र में हवाला दिया है कि चुरहट थाना तिराहे के समीप स्थित शासकीय रोड खसरा नम्बर 1074 पर बने नाले के ऊपर अतिक्रमण कर अवैध निर्माण कर दुकाने बना ली है, पुराने बस स्टैंड में शासकीय नाला खसरा नम्बर 510 के ऊपर मंदिर व अगल बगल में अवैध निर्माण कर कब्जा कर लिया है,शासकीय कन्या विद्यालय की भूमि खसरा नम्बर 1117 पर अतिक्रमण कर अवैध निर्माण कर लिया गया है,पीडब्लू विभाग की जमीन खसरा नम्बर 512 पर अतिक्रमण कर अवैध निर्माण कर लिया गया हैं।
इनका कहना है।
विकास कुमार आनन्द, एसडीएम चुरहट।
मंडल अध्यक्ष का भी पत्र आया है, जांच के लिए तहसीलदार एवं सीएमओ को निर्देशित किया गया था, नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पोस्टर पॉलिटिक्स पर बवाल: नीतीश की अनदेखी पर उठे सवाल, रोहिणी का BJP पर तीखा वार
‘बिहार के विकास को मिलेगा नया आयाम’, उपमुख्यमंत्रियों को पीएम मोदी की शुभकामनाएं