भोपाल | 23 अप्रैल 2026

व्हाट्सएप कॉल से फिरौती मांगने वाला गिरोह ध्वस्त, मास्टरमाइंड सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

मध्यप्रदेश पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भोपाल में सक्रिय एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसआईटी (विशेष अनुसंधान दल) और एसटीएफ (विशेष कार्य बल) की संयुक्त कार्रवाई में व्हाट्सएप कॉल के जरिए फिरौती मांगने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड आनंद मिश्रा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह भोपाल के कोलार रोड थाना क्षेत्र में सक्रिय था और फरियादी को व्हाट्सएप कॉल कर धमकी देता था। आरोपियों ने पीड़ित के घर की गुप्त रूप से रेकी कर उसका वीडियो बनाया और भय का माहौल बनाने के लिए उसे भेजा, जिसके बाद फिरौती की मांग की गई।

तकनीकी जांच से खुला मामला

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल साक्ष्य और निगरानी के आधार पर जांच शुरू की। इसी दौरान 16 अप्रैल 2026 को रेकी करने वाले आरोपी निर्मल तिवारी (जिला बांदा, उत्तरप्रदेश) को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में उसने खुलासा किया कि इस पूरे षड्यंत्र का मास्टरमाइंड आनंद मिश्रा है, जो उसे आर्थिक सहायता और निर्देश देता था।

नेपाल भागने की फिराक में था मास्टरमाइंड

निर्मल तिवारी की गिरफ्तारी के बाद मुख्य आरोपी आनंद मिश्रा फरार होकर नेपाल भागने की तैयारी में था, लेकिन एसआईटी और एसटीएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 अप्रैल 2026 को उसे दबोच लिया।

तीसरा आरोपी भी गिरफ्त में

जांच में जे.पी. डारा (जिला बीकानेर, राजस्थान) की भूमिका भी सामने आई, जो गिरोह को संसाधन और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराता था। उसे भी गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर एडीजी डी. श्रीनिवास वर्मा, डीआईजी राहुल कुमार लोढ़ा, एसपी एसटीएफ राजेश सिंह भदौरिया, एसपी नवीन कुमार चौधरी और एसपी एटीएस वैभव श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।

कार्रवाई में डीएसपी योगिता साटनकर के नेतृत्व में निरीक्षक आशीष चौधरी सहित एसआईटी और एसटीएफ की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस का सख्त संदेश

मध्यप्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराधों के खिलाफ तकनीक आधारित और सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आम जनता की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

न्यूज़ सोर्स : Bhaskar karond sandesh